रिठौरा। होली खेलने के लिए थाना इज्जतनगर के गांव कुम्हरा जा रहे पीलीभीत के थाना जहानाबाद के गांव गौंछ निवासी नरेंद्र (26) की हादसे में मौत हो गई। दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं।
पिता राजू कश्यप ने बताया कि बेटा भवन निर्माण का काम करता था। शुक्रवार को ससुराल जाते समय उसकी बाइक रिठौरा के पास मैस्कॉट कॉलेज के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि नरेंद्र बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। हेलमेट पहना होने के बाद भी उनके सिर पर गंभीर चोट आई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार रिठौरा के मोहल्ला काहरान निवासी पिंटू व उनके दोस्त अर्जुन भी घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिंटू ने जो हेलमेट पहना था वह उछलकर दूर जा गिरा। रिठौरा चौकी पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पिंटू को आइसीयू में भर्ती किया गया है।
नरेंद्र के पिता राजू कश्यप ने बताया कि उन्होंने बेटे को त्योहार वाले दिन घर पर रहने के लिए कहा था। चक्की से आटा लेने के लिए जब वह घर से बाहर गए तो मौका देखकर बेटा ससुराल के लिए चला गया। हादसे में उसकी मौत के बाद मां कांति देवी और पत्नी शारदा सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नरेंद्र चार भाई व एक बहन में तीसरे नंबर के थे।