फतेहगंज पश्चिमी। गांव कुरतरा के धर्मवीर उर्फ कल्लू गंगवार (40) की दिल्ली में संदिग्ध हालात मौत हो गई। मजदूरों ने साथी राजमिस्त्री का शव एक बिल्डिंग की छत पर देखा। सूचना पर परिजन ने हत्या कर शव को छत पर फेंकने का आरोप लगाया है। दिल्ली पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। शनिवार को गांव लाकर अंतिम संस्कार किया गया।
भाई तुलसी गंगवार ने बताया कि धर्मवीर, कस्बावासी एक ठेकेदार के संरक्षण में दिल्ली में राजमिस्त्री का काम करते थे। सोमवार को कांवड़ चढ़ाने के बाद वह मंगलवार को दिल्ली में काम पर लौट गए। बृहस्पतिवार को वह निर्माणाधीन बिल्डिंग की छत पर अन्य मजदूरों के साथ थे। सभी मजदूर चले गए। शुक्रवार सुबह वहां पहुंचने पर मजदूरों ने पड़ोस की छत पर धर्मवीर का शव देखा, जो औंधे मुंह पड़ा था। उन्होंने ठेकेदार को सूचना दी।
ठेकेदार की सूचना पर गई दिल्ली के मोतीनगर थाने की पुलिस टीम ने शव को कब्जे में ले लिया। परिजन के पहुंचने पर पोस्टमॉर्टम कराया गया, फिर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। इस बीच धर्मवीर के परिजन और ठेकेदार के बीच मौत के संबंध में कहासुनी हुई।
मौत से बेहाल परिजन शव को शनिवार को गांव ले आए। धर्मवीर का शव देखकर पत्नी सीमा देवी बेसुध हो गईं। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। तुलसी गंगवार ने बताया कि दसवां संस्कार के बाद दिल्ली जाकर ठेकेदार और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। धर्मवीर चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनकी संतान नहीं हैं।