बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और 19 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।
पीड़िता की तहरीर पर महिला थाने में पति समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2020 में उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के रहने वाले युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ससुराल वालों ने उसे स्टडी वीजा पर कनाडा भेज दिया।
इसके लिए चार लाख रुपये का खर्च विवाहिता के पिता ने उठाया। इसके बाद सास और देवर ने उसके पिता से 10 लाख रुपये और मांगे। पिता ने जमीन बेचकर यह रुपये दिए। कनाडा में स्टडी के साथ काम करके उसने भी ससुराल वालों को पांच लाख रुपये भेजे।
यह रुपये ससुरालियों ने हड़प लिए। आरोप है कि इसके बाद ससुराल वाले कम दहेज लाने और बच्चा न होने का ताना देकर उसे परेशान करते थे। देवर अक्सर उससे अभद्रता करता था। पीड़िता के अनुसार पति, सास और देवर ने उसे जमकर पीटा और घर से निकाल दिया। वह किसी तरह मायके पहुंची। अब उसने रिपोर्ट दर्ज कराई है। संवाद