बरेली। साल भर पहले सरकारी विवाह सम्मेलन में शादी के बाद फरीदपुर का युवक दुल्हन घर ले आया था। दूसरे ही दिन दुल्हन घर से नकदी जेवर लेकर चुपचाप निकल गई। अब युवक ने महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामला परामर्श केंद्र भेजा गया।
फरीदपुर के एक गांव निवासी युवक ने अधिकारियों को पत्र देकर बताया है कि वह शिक्षित बेरोजगार युवक है। गांव के ही कुछ लोगों ने उसे जबरन शादी का झांसा दिया और विवाह सम्मेलन में युवती से शादी करा दी। वह दुल्हन को लेकर घर आया। अगले दिन वह अपने पिता और परिवार के अन्य लोगों को लेकर किसी काम से बाहर गया था। पत्नी घर में अकेली थी। बताया कि मकान बनाने को रखा डेढ़ लाख रुपया, मां के जेवर समेत काफी सामान लेकर घर से चली गई। शाम को लौटा तो पता लगा कि पत्नी सामान लेकर कहीं चली गई है। तब से वह पत्नी को तलाश कर रहे हैं। अब पता लगा है कि पत्नी अपने मायके में रह रही है। नकदी-जेवर मांगा तो वह उन्हें झूठा मामला दर्ज कर जेल भिजवाने की धमकी दे रही है। उसके कहने पर कई अपराधी प्रवृत्ति के लोग घर पर उसे धमकाने आते हैं। अधिकारियों ने मामला परामर्श केंद्र में सुनवाई के लिए तय किया है। वहीं पूछताछ में आरोपी युवती ने पति के किसी दूसरी महिला से संबंध होने की बात कही है। बताया है कि विवाह सम्मेलन इलाहाबाद में हुआ था। वहां से मिला रुपया और सामान भी पति ने हड़प लिया है। वह पति के खिलाफ कार्रवाई कराएगी।