फरीदपुर। फर्जी पुलिसकर्मी बनकर कस्बे के एक युवक ने पीलीभीत की युवती से शादी रचा ली। आरोप है कि अब उस पर मायके से 20 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा है। पोल खुलने पर बृहस्पतिवार को युवती थाने पहुंची। उसने पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पीलीभीत के थाना हजारा के गांव मौगनिया गांधीनगर निवासी राजकुमारी ने बताया कि उसकी भाभी पुलिस में हैं। कुछ समय पहले फेसबुक के जरिये उनकी पहचान फरीदपुर के गांव बड़रा कासिमपुर के रहने वाले केदार बाबू से हुई थी। उसने खुद को पुलिस विभाग में कार्यरत बताया। भाबी ने उसकी शादी की बात युवक से की। राजकुमारी ने बताया कि जब उसके परिजन केदार बाबू के घर गए तो वह पुलिस की वर्दी पहनकर और पिस्टल लगाकर ही उन लोगों से मिला। 26 मई 2021 को परिजनों से उन दोनों की शादी करा दी। दंपती के एक बेटी भी है।
बीते दिनों उसे पता चला कि उसने पुलिस में होने की बात झूठ कही थी। आरोप है कि अब वह लोग मायके से 20 लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आरोपी केदार बाबू को हिरासत में लिया है।