रेलवे को दूसरे दिन भी 40 से ज्यादा ट्रेनों को निरस्त करना पड़ा। इनमें बरेली से पीलीभीत, टनकपुर व लालकुआं जाने वाली 16 ट्रेनें भी शामिल हैं। पीलीभीत-भोजीपुरा रेलखंड में बारिश और बाढ़ के कारण कटान हो गया है। रविवार और सोमवार की भारी बारिश के कारण बीसलपुर-निगोही, पीलीभीत-शाहजहांपुर रेलखंड अब भी जलमग्न हैं। शाहगढ़-मैलानी रेलखंड में रेल लाइन बह जाने के कारण ट्रेनों का संचालन बंद है।
भारी बारिश के बाद नदियों में उफान और तराई व पहाड़ी इलाकों के रेलखंडों में रेल ट्रैक क्षतिग्रस्त होने से सोमवार को भी काफी संख्या में ट्रेनों को निरस्त किया गया था। इससे 60 हजार से ज्यादा यात्री प्रभावित हुए। रेलवे को भी करोड़ों का नुकसान हुआ।
मंगलवार को 05311/12 बरेली सिटी-पीलीभीत-बरेली सिटी, 05339/40 बरेली सिटी-पीलीभीत-बरेली सिटी, 05330/29 पीलीभीत-बरेली सिटी-पीलीभीत, 05061/62 मथुरा-टनकपुर-मथुरा, 05321/22 बरेली सिटी-टनकपुर-बरेली सिटी, 05327/28 बरेली सिटी-लालकुंआ-बरेली सिटी पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया। इसके अलावा 15076/75 टनकपुर-शक्तिनगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस, 15055 आगरा फोर्ट-रामनगर एक्सप्रेस और 12036 दिल्ली-टनकपुर एक्सप्रेस को भी निरस्त कर दिया गया।