सात ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराएगी भारत गौरव ट्रेन
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) की भारत गौरव पर्यटन ट्रेन श्रद्धालुओं को देश के अलग-अलग हिस्सों में स्थित सात ज्योतिर्लिंग के दर्शन के साथ दक्षिण भारत की यात्रा कराएगी। को आईआरसीटीसी ने यात्रा पैकेज शुक्रवार जारी कर दिया। यह यात्रा 11 रात और 12 दिन की होगी। इसके लिए मासिक किस्तों में भुगतान की सुविधा भी दी गई है। यात्रा के लिए आईआरसीटीसी ने बुकिंग शुरू कर दी है।
आईआरसीटीसी के संयुक्त महाप्रबंधक पर्यटन वायु नंदन शुक्ला और प्रबंधक नवनीत गोयल ने बताया कि भारत गौरव पर्यटन ट्रेन 12 जून को योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से यात्रा शुरू करेगी। 23 जून तक यह गाड़ी सात ज्योतिर्लिंग (महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर) के साथ द्वारकाधीश और पंचवटी के दर्शन कराएगी। यह गाड़ी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ और कानपुर स्टेशनों पर ठहराव लेगी।
जानिए, कितना है किराया
इस यात्रा के लिए स्लीपर श्रेणी का किराया 24,100 रुपये है। स्टैंडर्ड श्रेणी एसी तृतीय में एक यात्री का किराया 40,890 और कम्फर्ट एसी द्वितीय श्रेणी में किराया 54,390 रुपये निर्धारित है। किराये में यात्रा के दौरान सड़क परिहवन, होटलों में ठहरने और नाश्ता, दोपहर व शाम का खाना भी शामिल है।