सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप के आवास पर 14 पदाधिकारी नजरबंद।
- फोटो : अमर उजाला
'भाजपा का रवैया तानाशाही, जनता समझ रही है, मिलेगा जवाब'
सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने अपने आवास पर बताया कि सपा मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में 14 सदस्यीय टीम बरेली आ रही थी। तानाशाही सरकार ने सभी को नजरबंद किया है। ये तानाशाही इसलिए दिखा रहे हैं क्योंकि भाजपा की सरकार जाने वाली है और सपा की आने वाली है। डिजिटल इंडिया का नारा और इंटरनेट बंद करने वालों को जनता ही जवाब देगी। इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस को चकमा देकर सर्किट हाउस पहुंचे सांसद नीरज मौर्य आंवला से सपा सांसद नीरज मौर्य पुलिस को चकमा देकर सर्किट हाउस पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर कृष्णानगर स्थित उनके आवास पर ले जाकर नजरबंद कर दिया। सर्किट हाउस में मयंक शुक्ला, संजीव यादव, पीयूष वर्मा, नरेंद्र गौतम और सपा के अन्य नेता मौजूद रहे
कानून-व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में- डीएम
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शनिवार को कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है। पिछले शुक्रवार (26 सितंबर) को नमाज के बाद कुछ लोगों ने जिले की शांति-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की थी, उसे पुलिस-प्रशासन ने एक से डेढ़ घंटे में नाकाम कर दिया था। इस शुक्रवार को जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
उन्होंने कहा कि जिले में सभी स्कूल, कॉलेज, दफ्तर और दुकानें खुली हैं। अगर किसी को लगता है कि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है, तो वो पुलिस के संज्ञान में जरूर लाएं। हमने अपने जनपदवासियों को सद्भावना का सिपाही बताया है। पूरे जिले में शांति है। दंगाइयों की न कोई जाति होती है और न कोई धर्म होता है। हम सभी को ऐसे लोगों से सतर्क रहना होगा।