भुता। गांव रावल कला में सोमवार रात महिला का शव श्मशान भूमि में फेंकने पर पति को जेल भेजा गया है। मंजू की माता रामकुमारी ने आरोपी भीमसेन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर में गहरी चोट लगने से मौत की पुष्टी हुई है। भीमसेन की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा और लोहे की फुंकनी हथियार बरामद किए गए हैं।
रावल कला गांव निवासी भीमसेन ने नशे की हालत में सोमवार रात में भगवान देई उर्फ मंजू को चरित्र शंका में डंडे और लोहे की फुंकनी से मंजू को पीटकर उसकी हत्या कर दी थी। मंगलवार को शव को पीठ पर लादकर श्मशान भूमि पर डालकर भाग गया। पुलिस ने भीमसेन को गांव पड़ोली बहादुरपुर संपर्क मार्ग से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में भीमसेन ने बताया कि वह राजस्थान में रहकर मजदूरी आदि काम करता है। अभी घर आया हुआ था। गांव के ही एक व्यक्ति से पत्नी के अवैध संबंधों की जानकारी होने से गुस्से में था। शराब के नशे में पत्नी मंजू से विवाद हो गया। तभी भीमसेन ने डंडे और लोहे की फुंकनी मारकर मंजू की हत्या कर दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी सिर में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि भीमसेन ने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की।