युवती की आत्महत्या के मामले में आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें वह युवती को लात मारते दिख रहा है।
बरेली में युवती को जहर की शीशी देकर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोपी युवक को प्रेमनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। युवती को लात मारते हुए युवक का सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही थी।
विज्ञापन
फतेहगंज पश्चिमी निवासी महिला ने 24 फरवरी को प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री प्रेमनगर क्षेत्र स्थित रामजानकी मंदिर के पास शोरूम में नौकरी करती थी। बारादरी थाना क्षेत्र स्थित मौर्य मंदिर के पास रहने वाला अतुल उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता था। आरोपी के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह कर दी। शादी के बाद भी आरोपी उनकी बेटी को परेशान करता रहा। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी।
मृतका की मां के मुताबिक, आरोपी ने उनकी बेटी को उसके शोरूम पर ही जहर की शीशी लाकर दी थी। जहर खाने के बाद जब युवती गिर गई तो आरोपी उसके शरीर पर लात मारकर चला गया था। प्रेमनगर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार को अतुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।