बरेली के सीबीगंज इलाके में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। अमानुल्ला नाम का युवक महिला को किराये पर कमरा दिलाने के बहाने बाग में ले गया। डरा धमकारकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में एक महिला को किराये पर कमरा दिलाने के बहाने अमानुल्ला नाम का व्यक्ति बुलाकर ले गया। आरोप है कि उसने बाग में ले जाकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अब उसका एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह दूसरे समुदाय की महिलाओं को गालियां दे रहा है।
विज्ञापन
सीबीगंज थाना क्षेत्र की महिला ने रिपोर्ट कराई है कि भोजीपुरा निवासी आलम उर्फ अमानउल्ला शनिवार को उसे कमरा दिलाने के बहाने सीबीगंज के अटा कायस्थान में ले गया। वहां बाग में उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, मगर तब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
शनिवार रात आरोपी का वीडियो वायरल हुआ तो कई लोगों ने एक्स पर इसकी शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। वीडियो वायरल होने की जानकारी होते ही पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। इंस्पेक्टर राजबली ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।