फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खूंखार सांड़ ने युवक को पटक पटककर मार डाला

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। शौच के लिए जंगल में जा रहे शाही इलाके के गांव मंडवा बंशीपुर के बांधूराम पर शनिवार सुबह करीब सात बजे खूंखार सांड़ ने हमला बोल दिया और उन्हें तब तक पटकता रहा जब तक उनके प्राण नहीं निकल गए। आसपास खेतों में काम कर लोगों ने सांड़ को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं हिला। बाद में गांव से ग्रामीण इकट्ठा होकर पहुंचे तो मुश्किल से सांड़ को भगाया जा सका।
विज्ञापन

शनिवार सुबह सात बजे मंडवा बंशीपुर गांव के 40 वर्षीय बांधूराम कश्यप शौच के लिए जंगल की ओर गए थे। वहां एक सांड़ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इससे पहले कि वह भागकर खुद को बचा पाते सांड़ ने उन्हें सींगों में फंसा लिया और उठाकर पटकना शुरू कर दिया। सांड़ उन्हें तब तक पटकता रहा जब तक उनकी मौत नहीं हो गई। हालांकि शोर सुनकर पहुंचे आसपास काम कर रहे लोगों ने सांड़ को भगाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं हटा। इसके बाद गांव से तमाम ग्रामीण लाठी डंडे लेकर पहुंचे तो बमुश्किल सांड़ को खदेड़ा जा सका, लेकिन तब तक बांधूराम की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पहले भी कई लोगों की ले चुका है जान
ग्रामीणों के मुताबिक यह सांड़ बेहद खूंखार हो चुका है। कुछ समय पहले रेतीपुरा गांव के रामदास को भी इसी सांड़ ने पटक पटककर मार डाला था। इसके अलावा दर्जनों ग्रामीणों को हमला कर घायल कर चुका है। दहशत में लोग इसके आसपास से निकलने में डरते हैं, अगर कोई धोखे से उसके सामने पहुंचे जाए तो उसकी जान बचना मुश्किल है। ग्रामीणों का कहना है कि वह कई बार प्रशासन से इस सांड़ को पकड़वाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
विज्ञापन

घर में अकेले कमाने वाले थे बांधूराम
बांधूराम के तीन बच्चे, इनमें बड़ा बेटा 12 और छोटा दस साल का है, जबकि एक आठ साल की बेटी है। बांधूराम के पास महज एक बीघा जमीन थी। वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। बांधूराम की मौत से उनकी पत्नी राधा देवी के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है क्योंकि बांधूराम घर में अकेले कमाने वाले थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें