बरेली। कूड़ा बीनने निकले चार दोस्त नदी पार करते वक्त डूब गए। किसी तहर मशक्कत करके तीन तो बाहर निकल आए लेकिन मिट्टी में पैर धंसने के कारण चौथा नहीं निकल पाया। बाहर निकले तीनों किशोर उसके परिजनों और पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोर की मौत डूबकर होने की पुष्टि हुई है।
इज्जतनगर क्षेत्र के गांव फरीदापुर चौधरी और शिकारपुर के बीच से बह रही किला नदी में गांव वालों को एक किशोर के डूबने की सूचना मिली तो उन्होंने नदी को खंगालना शुरू कर दिया। इसी बीच बारादरी क्षेत्र के तीन किशोर इज्जतनगर पुलिस और एक अन्य किशोर के परिजनों के साथ वहां पहुंचे। पुलिस के मुताबिक उन्हें बारादरी क्षेत्र के हजियापुर निवासी 17 वर्षीय सुल्तान के डूबने की सूचना मिली थी। करीब दो घंटों तक नदी खंगालने के बाद शिकारपुर निवासी जावेद का पैर शव से टकराया तो उसे बाहर निकाला गया। पुलिस के साथ पहुंचे तीनों किशोरों ने बताया कि वह लोग यहां रोज की तरह कूड़ा बीनने पहुंचे थे। नदी पार करते वक्त सभी डूबने लगे। मिट्टी में पैर धंसने के कारण वह निकल नहीं पाया और वहीं डूब गया। बाकी तीनों किशोर किसी तरह निकलकर घर पहुंचे और सुल्तान के डूबने की सूचना दी। गांव वालों ने बताया कि नदी आगे जाकर किला नदी से मिल जाती है।
किसान ने लड़कों को रोका तो खुली घटना
घटना स्थल के पास खेत पर काम कर रहे एक किसान ने तीन किशोरों को वहां से भागते हुए देखा तो चौथे को लेकर पूछताछ की। किसान ने बताया कि रोजाना कि तरह वहां चार लड़के पहुंचे थे, लेकिन सिर्फ तीन ही लड़के घबराए हुए भागते नजर आए। उन्हें रोककर किसान ने पूछताछ की तो चौथे के डूबने की घटना सामने आई।