शाहजहांपुर के खुटार में शुक्रवार रात एक छप्परनुमा घर में आग लग जाने से युवक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। नायब तहसीलदार और लेखपाल ने मौका मुआयना कर रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी है। गांव चठिया बलरामपुर निवासी 22 वर्षीय रामनिवास छप्पर (झोंपड़ी) में अपनी मां कुंती देवी के साथ रहता था। पड़ोस में ही उसका भाई कुन्नू अपने परिवार के साथ रहता है। शुक्रवार रात लगभग 11 बजे अचानक रामनिवास के घर में आग लग गई।
जानकारी न होने के कारण मां, बेटी अंदर ही लेटे रहे। जलता हुआ छप्पर रामनिवास और कुंती देवी के ऊपर आ गिरा तो कुंती देवी किसी तरह भाग निकली और शोर मचाया तो दूसरे पुत्र कुन्नू, कुन्नू की पत्नी रूबी देवी आदि ने गांव के लोगों की मदद से रामनिवास को अंदर से निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी और उसकी आग में जलकर मौत हो गई।
इस बीच आग से दोनों भाइयों के घर भी जल गए। घरों में रखा राशन, कपड़े सहित सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शनिवार को नायब तहसीलदार श्यामवीर सिंह लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेने के बाद रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी है। नायब तहसीलदार ने बताया कि मृत परिवार को चार लाख रुपये की मदद दिलाई जाएगी। रामनिवास के पिता अजयपाल की पहले ही मौत हो चुकी है।