बरेली। चिड़ियों को दाना डालने जा रहे इज्जतनगर निवासी डालचंद्र का रविवार सुबह बग्गा ग्राउंड के पास से कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। बेटे ने सूचना दी तो पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। पुलिस सर्विलांस और मुखबिरों के सहारे पीछा करते हुए पीलीभीत पहुंच गई। चार आरोपियों को हिरासत में लेने के साथ ही डालचंद्र को तलाश लिया। मामला रुपयों के लेन-देन के विवाद से जुड़ा निकला है। डालचंद्र के खिलाफ भी अफीम तस्करी के मामले दर्ज हैं।
संजयनगर निवासी रवि कुमार ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया है कि रविवार सुबह उनके पिता डालचंद्र बग्गा ग्राउंड में चिड़ियों को दाना डालने जा रहे थे, तभी टेंपो से आए चार लोगों ने उनको घेर लिया। चारों जबरन उनको टेंपो में डालकर ले गए। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि अपहरण करने वाले पीलीभीत के थाना अमरिया निवासी अंकित, लकी उर्फ भजनलाल, पीलीभीत की गोकुलधाम कॉलोनी निवासी जानकी प्रसाद व पीलीभीत के ही बक्सपुर निवासी लक्ष्मण हैं।
इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम के नेतृत्व में टीम ने डालचंद्र की तलाश शुरू कर दी। दोपहर बाद अमरिया (पीलीभीत) थाना पुलिस की मदद से डालचंद्र को तलाश लिया गया। नामजद आरोपियों को भी हिरासत में लेने का दावा पुलिस कर रही है। उनसे पूछताछ की जा रही है। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि अपहरण की बात सही है, लेकिन डालचंद्र का जुड़ाव मादक पदार्थ तस्करों से मिल रहा है। रुपयों के लेन-देन की वजह भी कुछ इसी तरह की है। सभी पक्ष आपस में परिचित हैं। पूरी जानकारी जुटाने के बाद कार्रवाई की जाएगी।