बरेली से चंडीगढ़ तक का तय किया सफर
महिका खन्ना का लॉन टेनिस का सफर महज छह साल की उम्र से शुरू हुआ, जब उन्होंने पहली बार रैकेट हाथ में लिया। शहर के एलन क्लब, स्टेडियम, बरेली क्लब और कैंट में तुषार बाली, अंशु पाल और गगन खन्ना जैसे अनुभवी प्रशिक्षकों से शुरुआती प्रशिक्षण प्राप्त किया। कोच गगन खन्ना बताते हैं कि महिका में शुरुआत से ही खेल के प्रति असाधारण लगन और सीखने का जुनून था। दस साल की उम्र में ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट खेलना शुरू कर दिया, जो किसी भी खिलाड़ी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
शाहजहांपुर की मूल निवासी महिका ने बरेली में रहकर अपनी खेल प्रतिभा को तराशा। इस दौरान परिवार ने भी हर कदम पर उनका साथ दिया। वर्तमान में महिका चंडीगढ़ लॉन टेनिस एसोसिएशन में 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनका कहना है कि बरेली में बनी नींव और चंडीगढ़ में मिले पेशेवर प्रशिक्षण का संगम उनकी सफलता का असली आधार है।