एमबीए-इंजीनियरिंग के सभी विभागों में भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में शनिवार को एमएससी मैथ और माइक्रो बायोलॉजी कोर्स में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराई गई। इसके अलावा इंजीनियरिंग के सभी सात विभागों के साथ एमबीए में भी प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराई गई। कोरोना की वजह से अभ्यर्थियों को मास्क और सैनिटाइजर के साथ ही प्रवेश दिया गया। साथ ही अभ्यर्थियों के साथ आए अभिभावकों को विश्वविद्यालय के मेन गेट के पास ही रोक दिया गया था।
विश्वविद्यालय में एमएससी मैथ में 205 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराते हुए उनके कागजों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही माइक्रो बायोलॉजी कोर्स में कागजों की जांच के बाद 40 अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। कोरोना के चलते काउंसलिंग रूम में सभी काउंटरों पर संक्रमण से बचाव के लिए पारदर्शी प्लास्टिक सीट लगाई गई थी। साथ ही अभ्यर्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग भी कराई गई। इधर, विश्वविद्यालय कैंपस में संचालित एमबीए के साथ इंजीनियरिंग के सभी सात विभागों में प्रवेश के लिए भी शनिवार से प्रक्रिया शुरू हो गई। शनिवार को पहले दिन एमबीए में 24 अभ्यर्थियों को प्रवेश दिए गए। जबकि इंजीनियरिंग के सभी विभागों में 121 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया। प्रवेश की यह प्रक्रिया 24 नवंबर तक विश्वविद्यालय परिसर में संचालित होनी है।