घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के सेटेलाइट बस अड्डे पर मंगलवार सरेशाम यात्रियों की भीड़ के बीच एक कुली ने बुकिंग काउंटर पर मौजूद प्रतापगढ़ निवासी पार्सल ठेकेदार और उसके भाई को गोली मार दी। निजी मेडिकल कॉलेज ले जाने पर चिकित्सक ने बड़े भाई अनुज पांडेय को मृत घोषित कर दिया, जबकि ठेकेदार अतुल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वारदात के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने आरोपी कुली को हिरासत में ले लिया है।
प्रतापगढ़ जिले के थाना अंतू के गांव किशुनगंज निवासी पार्सल ठेकेदार अतुल पांडेय ने बताया कि वारदात शाम साढ़े छह बजे हुई। वह उस वक्त सेटेलाइट बस अड्डे पर बने लगेज काउंटर में चारपाई पर सो रहे थे। उनके भाई अनुज काउंटर पर बैठे थे। बिथरी थाने के मेहतरपुर करोड़ गांव निवासी कुली नौबत यादव ने आकर उनके भाई के सीने पर गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर वह जागे तो नौबत ने उन्हें भी गोली मार दी, जो उनके कूल्हे में जा धंसी।
इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय ने बताया कि आरोपी कुली को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। इसमें दोनों पक्षों के बीच व्यावसायिक विवाद की बात सामने आई है। घायल अतुल की हालत फिलहाल स्थिर है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली निकालने की बात बताई है। एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक ने घटनास्थल का मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी साक्ष्य जुटाए।
एसएसपी ने किया मौका मुआयना
- फोटो : अमर उजाला
व्यवस्था में बदलाव से खफा थे कुली, करते थे मारपीट
पार्सल ठेकेदार के भाई की हत्या की अहम वजह रोडवेज बसों में पार्सल लादने और उतारने में कुलियों की मनमानी पर रोक लगने को बताया जा रहा है। बुकिंग का सामान बसों में चढ़ाने-उतारने का काम ठेकेदार के कारिंदों को मिलने से कुलियों की आजीविका प्रभावित हो रही थी। इसको लेकर दो माह में चार से पांच बार झगड़े हो चुके थे। बात बढ़कर हत्या तक जा पहुंची।
घायल अतुल
- फोटो : अमर उजाला
पांच दिन पहले की थी मारपीट, पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया
घायल अतुल पांडेय ने बताया कि आरोपी कुली लगातार उनको परेशान कर रहा था। पांच दिन पहले कुली ने उनके साथ मारपीट की थी, जिससे उनके सिर में चोट आई थी। तब पुलिस को तहरीर भी दी थी, लेकिन पुलिस ने 151 में चालान कर छोड़ दिया था। इससे आरोपी का हौसला बढ़ गया। मंगलवार शाम को उसे यह वारदात कर दी।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि पार्सल ठेकेदार दो भाइयों को कुली ने गोली मारी है। दोनों पक्षों में पहले से तनातनी चल रही थी, जिसमें पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई भी की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।