लखनऊ कमिश्नरेट की महिला डॉक्टर लखनऊ मेल ट्रेन में अपने पति के साथ यात्रा कर रही थीं। एक-3 कोच में केबिन में दोनों अलग-अलग सीटों पर थे। शाहबाद से ट्रेन गुजरने पर युवक आया और केबिन में आकर पेशाब करने लगा। वह नशे में लग रहा था। डॉक्टर के पति व अन्य यात्रियों ने उसे राेकने का प्रयास किया तो आरोपी बहस करने लगा। इस पर ट्रेन में हंगामा हो गया।
यात्रियों ने टीटीई को सूचना देते हुए अभद्रता करने वाले की शिकायत की। इसके बाद कंट्रोल को सूचित किया गया। शाहजहांपुर जीआरपी को अलर्ट किया गया। रात करीब 12.45 बजे ट्रेन को लाइन नंबर तीन पर लिया गया। इंस्पेक्टर रेहान अहमद के नेतृत्व में सिपाहियों ने पूरी बोगी को घेर लिया और पेशाब करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया गया।
रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला की तहरीर पर प्रशांत शर्मा निवासी सेक्टर 23-संजय नगर मधुवन बापूधाम नगर गाजियाबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। प्रशांत लखनऊ से गाजियाबाद जा रहा था। वह बैंक में कार्यरत है।