गिरफ्तारी अजमेर से दर्शाई, मेडिकल परीक्षण कराने के बाद लड़की को कोर्ट में पेश करेगी पुलिस
बरेली। जिस प्रेमी युगल को लेकर किला थाने में तोड़फोड़ और प्रदर्शन हुआ था, उन्हें पुलिस ने शुक्रवार को राजस्थान में अजमेर के एक होटल से बरामद कर लिया। लड़की ने पुलिस से दावा किया है कि वह बालिग है। प्रेमी जोड़े ने शादी कर लेने का भी दावा किया है। तनाव की स्थिति देखते हुए पुलिस ने गिरफ्तारी अजमेर में ही दर्शाई है। एसएसपी का कहना है कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों को लेकर पुलिस बरेली आ रही है। शनिवार को मेडिकल परीक्षण के बाद लड़की को कोर्ट में पेश किया जा सकता है।
किला थाना क्षेत्र निवासी बीएससी की छात्रा 17 अक्तूबर को अपने पड़ोस में डेयरी चलाने वाले दूसरे समुदाय के आठवीं फेल युवक बिलाल के साथ चली गई थी। 17 अक्तूबर को छात्रा के पिता ने बेटी को नाबालिग बताते हुए किला थाने में आरोपी बिलाल समेत छह लोगों के खिलाफ फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस घटना को लेकर भाजपा, विहिप, हिंदू जागरण मंच, राष्ट्रवादी दल व अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने किला थाने पर हंगामा किया था। जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा था। मामला दो अलग - अलग समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनाव की स्थिति थी।
पुलिस तभी से प्रेमी जोड़े की तलाश में जुटी थी। उन दोनों के मददगार बने एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर हाथ लगने के बाद पुलिस ने सर्विलांस की मदद से शुक्रवार को प्रेमी जोड़े को अजमेर में एक होटल से बरामद कर लिया। शुरू में पुलिस बगैर किसी औपचारिकता के जोड़े को अजमेर से बरेली लाना चाहती थी। लेकिन मामला संवेदनशील था लिहाजा पुलिस ने अजमेर में ही लड़की की बरामदगी और आरोपी बिलाल की गिरफ्तारी दर्शायी है। इसके बाद ट्रंाजिट रिमांड पर लेकर पुलिस बरेली को रवाना हुई है।
एसएसपी रोहित सजवाण का कहना है कि किला क्षेत्र की लड़की को अजमेर में पुलिस ने खोज लिया है। आरोपी भी पकड़ा गया है। दोनों को वहां की पुलिस के हवाले किया गया है। विधिक प्रक्रिया अपनाकर ही दोनों को लाया जाएगा। शनिवार दोपहर बाद तक ये बरेली लाए जा सकते हैं। एसएसपी ने बताया कि लड़की खुद को बालिग बता रही है। लिहाजा इस पर कोर्ट के स्तर से ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
200 से ज्यादा लड़कियां गईं प्रेमियों के साथ
बरेली। जिले में किशोरियों-युवतियों के प्रेमियों के साथ जाने की इस साल कई घटनाएं हुईं। इनमें सें कुछ में अलग समुदाय का मामला होने से तनातनी की नौबत रही। तीस सितंबर तक ही 194 लड़कियों के जाने की रिपोर्ट अपहरण की धारा में दर्ज कराई गई। बरेली जोन में ऐसे 705 मामले दर्ज किए गए हैं।
शहर में किला क्षेत्र से लड़की के दूसरे समुदाय के प्रेमी के साथ जाने के मामले में हंगामा बरपा हुआ है। इससे पहले शीशगढ़ में एक किशोरी के उसके दूसरे समुदाय के प्रेमी संग पकड़े जाने और छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने पर कोहराम मचा था। किशोरी दूसरी जाति या धर्म के प्रेमी संग जाने पर जिले में मूंछ की खातिर विवाद के तमाम मामले पहले भी हो चुके हैं। पुलिस का रिकार्ड भी इस बात की तस्दीक करता है कि इस श्रेणी में अपहरण के केस बड़े पैमाने पर दर्ज हो रहे हैं। परिवार नाबालिग बताकर रिपोर्ट लिखवाते हैं और बाद में किशोरी खुद को बालिग बताकर शादी करने का साक्ष्य सौंप देती है।
एक जनवरी से 30 सितंबर तक बरेली पुलिस के रिकार्ड में सामान्य अपहरण की एक भी वारदात दर्ज नहीं है। जबकि किशोरियों के जाने के 172 मामले यहां दर्ज हैं। इनमें छह मामले झूठे मिलने पर खारिज कर बाकी में कार्रवाई की गई है। बरेली जोन में ऐसे मामलों की संख्या 705 दर्ज की जा चुकी है।