दिल्ली रेफर किया, सुसाइड नोट में लिखा- मां मुझे माफ करना
बरेली। किला इलाके के सुदामा नगरी निवासी अंकित ने ऑनलाइन सट्टे में 18 लाख रुपये गंवाने के बाद धमकियों से परेशान होकर विषाक्त पदार्थ खा लिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से घरवाले दिल्ली रेफर कराकर ले गए। अंकित की जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें आरोपियों के नाम भी लिखे हैं।
सुसाइड नोट में अंकित ने लिखा है कि वह ऑनलाइन बुकिंग कर क्रिकेट लीग में सट्टा लगाने वालों के चंगुल में फंस गया है। मां और पत्नी के जेवर बेचकर उसने 18 लाख रुपये उन्हें दे दिए। चार-पांच महीने सट्टेबाजों ने उसे कमाई भी कराई, इसके बाद रुपये देना बंद कर दिया। वह जब कर्ज से दब गया तो सट्टेबाजों से मिला और अपने रुपये मांगे। तब उन्होंने उसे पीटा और मोबाइल फोन छीनकर उसमें बनवाई आईडी डिलीट करवा दी।
उसने सुसाइड नोट में किला थाने के पास व फरीदपुर निवासी सट्टेबाजों के साथ उनके साथियों का नाम लिया है। लिखा है कि मां मुझे माफ कर देना, मैं आपको कोई खुशी नहीं दे सका। मेरी पत्नी का ख्याल रखना। अंकित को साथ लेकर अस्पताल पहुंचे दोस्त निशांत ने बताया कि उसकी खराब हालत देखकर अस्पताल ने उसे रेफर कर दिया है। परिवार के लोग अंकित को दिल्ली ले गए हैं।
घटनास्थल प्रेमनगर थाना क्षेत्र बताया जा रहा है। दो दिन पहले ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वालों के दो ऑडियो वायरल हुए हैं। इन्हें लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि मामला जानकारी में नहीं है। तहरीर मिलते ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत करने पर धमका रहा सट्टा और स्मैक कारोबारी, रिपोर्ट
बरेली। किला के नवदिया निवासी तबस्सुम, परवीन आदि ने बताया कि गांव निवासी आरिफ सट्टे और स्मैक का कारोबार करता है। इससे गांव के युवा बिगड़ रहे हैं। शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। आरिफ के खिलाफ किला थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। गांव की आमना, नाजरा अब्दुल जाहिद व रेहाना ने एडीजी से शिकायत की थी। नाराज आरिफ और उसका दोस्त आसिफ शिकायत करने वालों के घर आधी रात को पहुंच गए। उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरिफ ने दोबारा बदमाशों को भेजा। एसएसपी के आदेश पर किला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। ब्यूरो