वरुण गांधी ने भरा अपना नामांकन
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी वरुण गांधी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। सुबह 11 बजे वह हेलीकॉप्टर से यहां पुलिस लाइन पहुंचे। यहां उन्होंने करीब एक घंटे तक विधायक व पार्टी समर्थकों से बातचीत की। फिर वरुण गांधी समर्थकों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे और नामांकन कराया। उनके साथ सिर्फ चार लोगों को अंदर जाने दिया। करीब साढ़े बारह बजे नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद वरुण गांधी समर्थकों के साथ मां यशवंतरी देवी मंदिर पहुंचे और पूजा करने के बाद रोड शो निकाला।
वरुण गांधी के नामांकन दाखिल करने का समय 12.15 बजे तय था। इसलिए वह करीब एक घंटा पुलिस लाइन में रुके रहे। यहां कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के साथ ही मीडिया कर्मियों के समक्ष भी अपनी बात रखी। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ कलक्ट्रेट तिराहा तक गए। यहां बाकी समर्थकों को रोक दिया गया। वरुण के साथ सिर्फ सत्यपाल गंगवार, प्रभात जायसवाल, सपन कुमार मंडल, रमेश चंद्र लोधी ही गए। नामांकन कराने के बाद वरुण बाहर निकले और समर्थकों के साथ मां यशवंतरी देवी मंदिर पहुंचे। यहां माता के चरणों में मत्था टेका और पूजा की। बाहर निकलकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और फिर रोड शो निकाला।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, विधायक बीसलपुर रामसरन वर्मा, विधायक बरखेड़ा किशनलाल राजपूत, विधायक सदर संजय सिंह गंगवार, विधायक पूरनपुर बाबूराम पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष हरद्वारीलाल, पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद, पीलीभीत लोस प्रभारी गुलशन आनंद, पूर्व मेयर सुभाष पटेल समेत कई मौजूद रहे।