कृषि विभाग ने कहा, सीमा पर की जा रही है निगरानी
बरेली। टिड्डी दल ने पीलीभीत से बरेली आने के बाद यहां दो दिनों तक काफी उत्पात मचाया। किसानों की सक्रियता और शनिवार को कृषि विभाग की ओर से ड्रोन से किए गए दवा के छिड़काव के बाद टिड्डी दल रामपुर की ओर भाग गया। रविवार को किसानों ने सूचना दी कि उन्होंने एक छोटे टिड्डी दल को बहेड़ी के नानकपुरी क्षेत्र के ऊपर से गुजरते देखा है। इसके बाद कृषि अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें वहां टिड्डी दल नहीं दिखा। बताया गया कि किसानों के शोर मचाने के बाद दल उत्तराखंड की ओर रवाना हो गया है।
शनिवार को रामपुर की ओर गया टिड्डी दल हवा बदलने के साथ वापस बहेड़ी क्षेत्र में लौट आया। यहां गांव नानकपुरी, चुबकिया, ईश्वरपुर और टांडा में किसानों ने टिड्डियों के छोटे-छोटे दलों को देखा। देखते ही शोर मचाना शुरू कर दिया। किसान परिवार के साथ ही खेतों में और छतों पर पहुंचकर थाली बजाने लगे। आतिशबाजी जलाकर और कुछ किसानों ने ट्रैक्टर के साइलेंसर को खोलकर आवाज करना शुरू कर दी। उसके बाद दल उत्तराखंड की ओर रवाना हो गया। किसानों की ओर से जानकारी मिलने के बाद कृषि उपनिदेशक ने कार्रवाई के लिए टीम को मौके पर भेजा। अधिकारियों ने बताया कि टिड्डी दल उन्हें मौके पर नहीं मिला। किसानों की सक्रियता से वह भाग गया।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी अर्चना प्रकाश वर्मा ने बताया कि उत्तराखंड के उधमपुर में टिड्डी दल के सफाए के लिए आपरेशन चलाए जाने की जानकारी उन्हें मिली है। फिलहाल जनपद में कोई भी टिड्डी दल नहीं है। फिर भी सभी टीमें जानकारी करने पर लगी हैं। शाम तक अगर टिड्डी दल लौटता है तो उसके सफाए की तैयारी पहले से ही पूरी की जा चुकी है। उससे निपटने के लिए पर्याप्त साधन व केमिकल उपलब्ध हैं।