बरेली। चोरों ने श्यामनगर में सिंधुनगर निवासी त्रिलोकी नाथ संतवाणी की किराना दुकान और सुभाषनगर में रिटायर्ड फौजी प्रताप सिंह के घर के ताले काटकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
त्रिलोकीनाथ ने बारादरी पुलिस को बताया कि शाहदाना रोड पर उनकी किराना की दुकान है। रविवार रात चोरों ने दुकान के ताले काट दिए। फिर वहां रखे करीब 25 हजार रुपये और सामान चोरी करके भाग गए। इसके अलावा उनकी बैंक पासबुक, साइन किए हुए चेक समेत अन्य दस्तावेज भी चुरा ले गए। सोमवार सुबह वह दुकान खोलने पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई।
वहीं, सुभाषनगर की तिरुपति स्टेट कॉलोनी में रहने वाले रिटायर्ड फौजी प्रताप सिंह के घर से कपड़े, दो सूटकेस समेत कुछ अन्य सामान चोरी हुआ है। प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह वह छत पर गए तो जीने का दरवाजा बंद था। पड़ोसियों से दरवाजा खुलवाकर वह छत पर पहुंचे तो कमरे में रखा सामान गायब था। उनकी तहरीर पर सुभाषनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।