प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत दिया जाना है 10 हजार का ऋण
बरेली। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत फड़ और फेरीवालों के लिए 10 हजार रुपये का ऋण दिया जा रहा है। नगर निगम में अब तक करीब 16 हजार से अधिक आवेदन आ चुके हैं। इन्हें जल्द ऋण दिलाया जाएगा। इसमें देरी होने पर कुछ दिन पहले नगर आयुक्त ने डूडा अधिकारियों को फटकार भी लगाई थी।
नगर निगम क्षेत्र के करीब 16 हजार स्ट्रीट वेंडरों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लाभान्वित किया जाएगा। नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने हर हाल में जल्द पंजीकृत पथ विक्रेताओं को लोन दिलाने के निर्देश दिए। लॉकडाउन के बाद प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र में पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स को विभिन्न बैंकों से 10 हजार रुपये का लोन दिलाने की योजना शुरू की गई है। इसके तहत इन्हें चार फीसदी ब्याज देना होगा। शहर में पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स की संख्या करीब 16 हजार है, जबकि आवेदन 30 हजार से अधिक हुए हैं। नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि दस्तावेजों को जांच कर आगे बढ़ाया जा रहा है। करीब पांच हजार से अधिक आवेदन बैंकों ने स्वीकार कर लिए हैं। इन्हें जल्द लोन उपलब्ध कराया जाएगा। दो हजार से अधिक वेंडरों के लोन स्वीकृत भी हो चुके हैं।
सात प्रतिशत सब्सिडी
10 हजार रुपये का लोन बिना गारंटी मिलेगा, फार्म जमा हो रहे हैं। इसका भुगतान 12 किश्तों में किया जाना है। नियमित भुगतान करने पर सात प्रतिशत सब्सिडी और अगले वर्ष 30 हजार रुपये तक का लोन मिलेगा। किसी समस्या के लिए संपर्क किया जा सकता है। - ऋतुराज बास, पीएम वेंडर योजना प्रचारक