गुलड़िया/रामनगर। बेटी की विदा कराकर लौट रहा परिवार व सवारियों से भरा लोडर शाहाबाद-रामनगर रोड के रामपुर बॉर्डर पर सड़क पर खड़े गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इसमें करीब 12 लोग घायल हो गए, जिसमें छह लोग गंभीर घायल हैं। एक युवती का पैर भी टूट गया है। गंभीर घायलों को चंदौसी इलाज के लिए भेजा गया है। वहीं, मामूली रूप से घायल लोगों को शाहबाद (रामपुर)के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सिरौली थाना क्षेत्र के शाहाबाद- रामनगर मार्ग पर ग्राम दस्तमपुर के निकट की है। रामनगर के निकट गांव गणेशपुर के निलेश वर्मा की शादी आठ दिसंबर को नवाबपुरा (शाहाबाद-रामपुर) के टीकाराम की बेटी अनीता के साथ हुई थी। बृहस्पतिवार की शाम अनीता की ससुराल से अनीता को उसके मायके वाले विदा कराकर नवाबपुरा शाहाबाद वापस जा रहे थे। बताते हैं कि एक लोडर में लगभग 18 लोग सवार थे। सिरौली की नवाबपुर चौकी से लगभग एक किलोमीटर आगे रामपुर बॉर्डर पर ग्राम तस्तमपुर के निकट गन्ने से भरी ट्राॅली में पीछे से टकरा गया। घायलों में अनीता के पिता टीकाराम और भाई जितेंद्र भी शामिल हैं।
लोडर में सवार रिंकी (22) का पैर टूट गया है, जबकि कमलेश (20), प्रियंका (25), नन्नू (35), टीकाराम (60), दिनेश (18), कल्याण (35), आशीष (17), पुष्पेंद्र (35), हेतराम, पप्पू और जितेंद्र घायल हो गए। लोडर का चालक हुकम सिंह भी घायल है। गंभीर रूप से घायल रिंकी, नन्नू, हुकम सिंह, टीकाराम आदि को चंदौसी भेजा गया है जबकि अन्य घायलों को शाहाबाद रामपुर के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
थाना अध्यक्ष सिरौली प्रयागराज सिंह ने बताया कि घटना बिल्कुल रामपुर बॉर्डर पर हुई है। हमारी पुलिस जब तक पहुंची, तब तक एंबुलेंस सभी घायलों को शाहाबाद (रामपुर)ले गई। किसी ने थाने पर कोई तहरीर नहीं दी है। गन्ने से लदा ट्रैक्टर घटना के बाद भाग गया। यदि कोई तहरीर देता है तो कार्रवाई की जाएगी। संवाद