कुछ और भी नए कोर्स शुरू कर सकता है कॉलेज प्रशासन
बरेली। बरेली कॉलेज में जल्द ही एलएलएम की पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी है। इसके अलावा कॉलेज प्रशासन कुछ और नए कोर्स भी शुरू करने की कोशिश कर रहा है। एलएलएम के लिए अभी छात्रों को रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में लॉ विभाग में दाखिला पाने के लिए दौड़ लगानी पड़ रही है। अनुमति मिली तो मार्च में बरेली कॉलेज एलएलएम में दाखिला लेने की प्रक्रिया शुरू कर देगा।
बरेली कॉलेज में अभी एलएलबी की ही कक्षाएं संचालित हो रही हैं। इसमें हर साल 320 सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाती है। जबकि एलएलएम अभी तक शुरू नहीं हो सका है। हालांकि कॉलेज प्रशासन ने दो साल पहले विश्वविद्यालय को एलएलएम की पढ़ाई शुरू कराने की अनुमति मांगी थी लेकिन यह फाइल विश्वविद्यालय में पहुंचने के बाद डंप हो गई। इसलिए दो साल से छात्र एलएलएम की पढ़ाई शुरू नहीं कर पा रहे हैं। निजी कॉलेजों में फीस इतनी ज्यादा है कि उतना खर्च उठा पाना हर छात्र के बस की बात नहीं है। विश्वविद्यालय परिसर में संचालित एलएलएम की कक्षाओं में सीट सीमित होने से बड़ी संख्या में छात्र प्रवेश से वंचित रह जाते है। वर्ष 2021 में एलएलएम की पढ़ाई शुरू करने के लिए कॉलेज प्रशासन ने एक बार फिर रुहेलखंड विश्वविद्यालय को फाइल भेजी है। इसके अलावा कई और कोर्स भी शुरू करने की कोशिश है।
‘बरेली कॉलेज में कुछ और नए कोर्स शुरू होने चाहिए। एलएलएम के लिए प्रस्ताव फिर से विश्वविद्यालय को भेजा जा रहा है। कोशिश की जा रही है कि इस साल कोर्स को संचालित करने की अनुमति मिल जाए।’ - डॉ. अनुराग मोहन, प्राचार्य, बरेली कॉलेज