बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की एलएलबी, बीएससी, एमएससी की सेमेस्टर परीक्षाएं मंगलवार से शुरू होंगी। ये परीक्षाएं नौ जिलों के 43 केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।
परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार के अनुसार बीबीए, बीसीए, बीलिब, एमलिब, पीजीडीसीए, बीकॉम वित्त व वित्तीय सेवा, एलएलएम, एलएलबी (तीन व पांच वर्षीय), बीएससी (कृषि), एमएससी (कृषि) विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए बरेली में 13 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर बीए-एलएलबी (पांच वर्षीय) पाठ्यक्रम के सम सेमेस्टर की मुख्य, बैक और सुधार परीक्षाएं 28 मई से सात जून तक, बीएससी ऑनर्स एग्रीकल्चर विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 मई से 19 जून तक होंगी।
वहीं, बीएससी एग्रीकल्चर विषम सेमेस्टर के बैक पेपर की परीक्षाएं 28 मई से 18 जून तक चलेंगी। एलएलबी (तीन वर्षीय) सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 मई से छह जून तक चलेगी। एलएलएम दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 मई से 12 जून तक चलेंगी। बीकॉम (वित्त) सम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाएं एक से 14 जून तक कराई जाएंगी। बीकॉम (वित्तीय सेवा) सम सेमेस्टर की परीक्षाएं एक से 12 जून तक होंगी। बीबीए सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 मई से 20 जून तक चलेंगी। बीलिब दूसरे सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाएं एक, तीन और चार जून को कराई जाएंगी। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्रवेशपत्र डाउनलोड करने के साथ ही परीक्षा केंद्र भी देख सकते हैं।