बरेली। भीषण गर्मी में जंक्शन पर बोतलबंद पानी की कालाबाजारी की जा रही है। निगरानी के अभाव में 15 रुपये की रेल नीर की बोतल 20 में तो 40 रुपये का शीतल पेय 45 रुपये का बेचा जा रहा है। पिछले दिनों चार वेंडरों के लाइसेंस निरस्त किए जाने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं है। वेंडर यात्रियों की जेब पर डाका डाल रहे हैं। यात्रियों की शिकायत के बाद डीआरएम राजकुमार सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जंक्शन पर छह वाटर वेंडिंग मशीनें लगी हैं। पिछले दिनों सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता के निरीक्षण में ये मशीनें बंद मिली थीं। उनकी फटकार के बाद मशीनों को चालू कराया गया। जंक्शन पर पेयजल व्यवस्था की निगरानी के लिए टीम बनाई गई। कुछ दिन स्थिति सामान्य रही पर निगरानी कम होते ही वेंडरों ने फिर मनमानी शुरू कर दी। शेर बहादुर सिंह, पुष्पमित्र शर्मा नाम के यात्रियों से वसूली की गई तो उन्होंने इसकी शिकायत दर्ज कराई है। डीआरएम के आदेश पर मुख्य वाणिज्य निरीक्षण राकेश सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस तरह फायदा उठा रहे वेंडर
जंक्शन ट्रेनों का ठहराव दो से पांच मिनट के लिए होता है। वाटर वेंडिंग मशीनें कोच से दूर होने की वजह से यात्री वहां तक नहीं पहुंच पाते। इसमें उनकी ट्रेन छूटने का खतरा रहता है। मजबूरन यात्रियों को गला तर करने के लिए पास के स्टॉल से बोतलबंद पानी या कोल्ड ड्रिंक खरीदना पड़ता है। यहां उनसे पांच रुपये ज्यादा वसूले जाते हैं।
अमूल बूथ का वीडियो वायरल
स्टेशन पर रेल नीर की बोतल पर पांच रुपये की अतिरिक्त वसूली का वीडियो एक यात्री ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। यह वीडियो अमूल बूथ का है। वीडियो में यात्री और वेंडर के साथ बूथ भी स्पष्ट नजर आ रहा है। यात्री कह रहा है कि 15 रुपये की ठंडे पानी की बोतल अमूल बूथ पर 20 रुपये में बेची जा रही है।