Lieutenant supporter ahead of chief minister's convoy
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
त्रिशूल एयरबेस से निकले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काफिले को भाजपा समर्थकों ने सुरेश शर्मा नगर में रोक लिया। मुख्यमंत्री से मिलने के लिए काफिले के आगे समर्थक लेट गए। इनमें हिंदू युवा वाहिनी और भाजपा से जुड़े युवा शामिल थे। सुरक्षाकर्मियों ने समर्थकों को हटाया। सीएम का काफिला आगे बढ़ा तो समर्थक नारेबाजी करने लगे। सीएम ने गाड़ी से समर्थकों का अभिवादन किया। जिसके बाद समर्थक शांत हो गए।
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए समर्थक सुरेश शर्मा नगर के पास इकट्ठा थे। काफिले के निकलने से पहले सुरक्षाकर्मियों ने समर्थकों को हटा दिया। अचानक कुछ समर्थक सुरक्षा घेरा तोड़कर सीएम काफिले के आगे आकर लेट गए। योगी को पायलट करने वाली गाड़ी में सवार पुलिसकर्मियों ने वायरलेस से अफसरों को बताया तो सबके हाथ-पैर फूल गए। युवकों के सड़क पर लेट जाने से सीएम का काफिला रुक गया। सुरक्षा कर्मियों ने युवकों को सड़क से उठाने की कोशिश की तो वह योगी से मिलने की जिद करने लगे। उनके हाथों में एक मंदिर का धार्मिक झंडा था। सुरक्षा कर्मियों के सख्ती करने पर युवक उनसे भिड़ गए।
युवकों का कहना था कि उनकी कोई मांग नहीं है, वह सिर्फ उनसे मिलना चाहते हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कार का शीशा उतारकर युवकों से बात करने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने बंद करा दिया। इसके बाद बंद शीशे से ही सीएम ने उनका अभिवादन किया। इसके बाद युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने सड़क खाली कर दी। युवा वाहिनी के कार्यकर्ता काफिले के पीछे काफी दूर तक दौड़ते रहे। यहां से लौटने के बाद युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं की भीड़ अलखनाथ मंदिर पहुंच गए। सीओ के व्यवहार को लेकर वह बेहद नाराज हैं। उन्होंने सीओ और उनके साथ की पुलिस के अभद्र व्यवहार की बाबा कालूगिरि से शिकायत करके कार्रवाई कराने की मांग की। इस मौके पर यतेंद्र गंगवार, अंकित, विशाल सक्सेना, विनोद मौर्य, सनी राजपूत, उदित सक्सेना, प्रवेश वर्मा, जितिन गंगवार आदि मौजूद रहे।