ऑनलाइन लंबित हैं करीब छह हजार आवेदन
बरेली। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद सोमवार से आरटीओ ऑफिस में ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का काम फिर शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा लाइसेंस नवीनीकरण और लाइसेंस को स्थायी करने का काम भी शुरू होगा।
बता दें कि कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने के कारण परिवहन निगम ने 23 अप्रैल से सभी प्रकार की लाइसेंस प्रक्रिया पर रोक लगा दी थी। इसके चलते बरेली में छह हजार अधिक लोगों के लाइसेंस बनवाने के आवेदन लंबित हैं। एआरटीओ आरपी सिंह ने बताया कि संक्रमण अब पहले से बहुत कम हो चुका है और लॉकडाउन में भी राहत मिलने लगी है। इसके चलते शासन के निर्देशानुसार सोमवार से लाइसेंस संबंधी सभी कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। लंबित चल रहे करीब छह हजार लाइसेंस के लिए ऑनलाइन स्लाट बुकिंग पहले ही शुरू की जा चुकी है। अब लोग अपने स्लॉट के अनुसार ऑफिस आकर कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए लाइसेंस प्रक्रिया पूरी करा सकेंगे। दस्तावेज ट्रांसफर, फिटनेस समेत अन्य कार्य पहले ही तरह ही होंगे।