बरेली। हवाओं का रुख बदलने से बादलों की दिशा भी बदल गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिन तक बारिश के आसार नहीं हैं। आसमान साफ रहने से लोगों का सामना तेज धूप से होगा।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि रविवार देर रात हवा की दिशा पूर्व उत्तर पूर्व हो जाएगी जिसकी वजह से पहाड़ों की तरफ से बादलों के आने का सिलसिलमा थम जाएगा। आसमान साफ रहने से तेज धूप निकलेगी। वातावरण में नमी का स्तर 98 प्रतिशत है लिहाजा तापमान बढ़ने से चिपचिपी गर्मी परेशान कर सकती है। उन्होंने बताया कि 24 घंटे में 36 मिमी बारिश हुई है। अधिकतम तापमान 29.8 और न्यूनतम 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। धूप निकलने से तापमान में चार से पांच डिग्री तक बढ़त हो सकती है। हवा की बदली दिशा पांच दिन बाद पश्चिम उत्तर पश्चिम होने से फिर राहत मिलेगी। ब्यूरो