बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव सिरसा जागीर के जंगल में युवकों ने तेंदुआ दिखने का दावा किया है। उन्होंने इसका वीडियो भी बनाया। सोमवार को वन विभाग की टीम ने वीडियो देखने के साथ ही पग चिह्न भी तलाशे। कुछ पग चिह्न मिले भी, हालांकि टीम ने यह पगचिह्न तेंदुए के होने की बात से इन्कार किया है। गांव वालों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
गांव सिरसा जागीर निवासी जयवीर, दीपक, रवि कुमार और विनय सिंह ने बताया कि रविवार रात वह छुट्टा पशुओं से फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान किसी जानवर की आहट हुई। टॉर्च की रोशनी में देखा तो वहां तेंदुआ था।
उन्होंने इसका वीडियो भी बनाया। गांव आकर अन्य लोगों को जानकारी दी। वीडियो देखने के बाद गांव वालों ने सूचना वन विभाग को दी। रेंजर संतोष कुमार मठपाल के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के साथ जंगल में घूमकर पग चिह्न की जांच पड़ताल की।
रेंजर ने सियार के बताए पग चिह्न
रेंजर संतोष कुमार मठपाल ने बताया मौके पर मिले पग चिह्न सियार के हैं। वीडियो किसने बनाया? गांव वाले यह नहीं बता पा रहे। इसके चलते वीडियो फर्जी होने की आशंका भी लग रही है। गांव वालों को सतर्क करते हुए खेतों की ओर अकेले न जाने के लिए कहा गया है।
एक माह पहले पड्डे का किया था शिकार
गांव सिरसा जागीर निवासी नत्थू सिंह ने बताया कि करीब माह भर पहले किसी जंगली जानवर ने घर के बाहर बंधे पड्डे का शिकार किया था। उस दौरान भी जानकारी वन विभाग को दी गई थी।