फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

यूपी: अब शाहजहांपुर के निगोही में मिला तेंदुए का शव, शरीर पर मिले जख्मों के निशान

Mon, 24 May 2021 07:11 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, शाहजहांपुर

सार

शव दो से तीन दिन पुराना होने की वजह से शरीर के घाव सूख चुके हैं। सोमवार दोपहर गर्रा नदी किनारे खेतों पर कुकहा महमूदपुर गांव के दो बच्चे जानवर चराने गए थे।
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना इलाके में गर्रा नदी के किनारे बसे गांव कुकाहा महमूदापुर के बाहर तेंदुआ का शव पड़ा मिला है। वन विभाग अफसरों के मुताबिक मरने वाले तेंदुए की उम्र चार से पांच साल होगी। माना जा रहा है खेतों पर आवारा पशुओं को रोकने के लिए लगाए गए धारदार ब्लेड वाले तारों में उलझने से तेंदुए की मौत हुई होगी। 


शव दो से तीन दिन पुराना होने की वजह से शरीर के घाव सूख चुके हैं। सोमवार दोपहर गर्रा नदी किनारे खेतों पर कुकहा महमूदपुर गांव के दो बच्चे जानवर चराने गए थे। वहां उन्होंने गौरीखेड़ा गांव निवासी विमल त्रिवेदी के खेत में पेड़ के नीचे तेंदुआ पड़ा देखा। 

तेंदुए को जिंदा समझकर दोनों बच्चे डर गए और दौड़कर अपने गांव पहुंचे। उन्होंने तेंदुआ होने की सूचना गांव के युवक को दी। इसके बाद कई ग्रामीण एकत्र होकर मौके पर गए। गांव वालों ने निगोही पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। 


वन दरोगा अजय प्रताप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वन दरोगा अजय प्रताप ने बताया कि आसपास के खेतों में ब्लेड वाले तार लगे हुए हैं। तेंदुआ के शरीर पर घाव देखकर लग रहा है कि ब्लेड से तेंदुआ जख्मी हुआ होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्थिति साफ होगी।
विज्ञापन

बीमारी और भूख से हुई थी तेंदुए की मौत

वहीं, लखीमपुर खीरी जिले के पलियाकलां के दुधवा नेशनल पार्क के बफर जोन की पलिया रेंज के परसपुर बीट में मिले तेंदुए के शव का रविवार को पोस्टमार्टम हुआ। जिसमें खुलासा हुआ है कि तेंदुआ बीमार था और उसकी मौत भूख से हुई। बिसरा अब जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेजा गया है।

रविवार को दुधवा टाइगर रिजर्व की बफर जोन की पलिया रेंज के परसपुर बीट में पार्क क्षेत्र से डेढ़ किलोमीटर दूर गोविंद तिवारी के गन्ने के खेत में तेंदुए का शव मिला था। तेंदुए की उम्र चार से पांच वर्ष बताई गई थी। देर शाम पशु चिकित्साधिकारी पीलीभीत डॉ. सौरभ सिंघई, पशु चिकित्साधिकारी सूंड़ा डॉ. बीआर निगम, पशु चिकित्साधिकारी संपूर्णानगर डॉ. अरविंद शर्मा आदि चिकित्सकों के पैनल ने पहले तेंदुए का एंटीजन टेस्ट किया, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। बाद में पोस्टमार्टम किया गया। 

मौत का कारण भूखा रहना बताया गया। एफडी संजय पाठक ने बताया कि तेंदुए की मौत बीमारी और भूख से हुई है। अधिकारियों, कर्मचारियों व स्थानीय लोगों की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
 
Next
AU ऐप में पढ़ें