फरीदपुर। स्मैक तस्कर की सरकारी जमीन पर बनी कोठी की जांच कर कानूनगो व लेखपाल ने अधिकारियों को तस्कर के पक्ष में रिपोर्ट दे दी। एसडीएम को रिपोर्ट पर संदेह हुआ तो उन्होंने नायब तहसीलदार की निगरानी में दूसरी टीम गठित कर जांच कराई, जिसमें पता चला कि लगभग 300 वर्ग मीटर सरकारी जमीन भी कोठी निर्माण के दौरान दबा ली गई। इसके बाद एसडीएम ने लेखपाल प्राची शर्मा को सस्पेंड कर दिया। वहीं, कानूनगो अरविंद कुमार सक्सेना पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार करके जिलाधिकारी को भेजी है।
फरीदपुर के मोहनपुर गांव निवासी मेहताब और शब्बू दोनों भाई स्मैक तस्करी से जुड़े रहे हैं। पिछले माह मीरगंज पुलिस ने मेहताब को स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद जिले के अधिकारियों ने उसकी संपत्ति की जांच कराई तो पता चला कि उसके पास कई करोड़ की संपत्ति है। गांव में बनी लगभग एक करोड़ की कोठी की जांच लेखपाल प्राची शर्मा ने की। कानूनगो अरविंद कुमार सक्सेना व लेखपाल प्राची शर्मा ने तस्कर से मिलकर अधिकारियों को गुमराह करते हुए 11 मई को तस्कर के पक्ष में रिपोर्ट दे दी। रिपोर्ट में उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन खाली पड़ी है और कोठी मेहताब की निजी जमीन पर बनी हुई है।
इसके बाद एसडीएम फरीदपुर रामजनम यादव ने नायब तहसीलदार शुभम पांडेय की अध्यक्षता में एक टीम गठित की। उस टीम ने जांच कर 29 मई को अपनी रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी। इसमें उन्होंने बताया कि लगभग 300 वर्ग मीटर सरकारी जमीन मेहताब ने कोठी निर्माण के दौरान दबा ली है। इसके बाद एसडीएम ने गलत रिपोर्ट देने वाली लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार को सस्पेंड कर दिया। वहीं, कानूनगो पर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा है। फरीदपुर एसडीएम रामजनम यादव ने बताया कि स्मैक तस्कर के पक्ष में लेखपाल व कानूनगो ने रिपोर्ट दी, जिसमें उन्होंने सरकारी जमीन को खाली बताया, जबकि पुनः जांच कराने पर सरकारी जमीन तस्कर की कोठी में दबी हुई है। गलत रिपोर्ट देने पर लेखपाल को सस्पेंड किया गया। कानूनगो के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखकर जिलाधिकारी को भेजा गया है।
नशे के सौदागरों की दो बीघा में बनी एक करोड़ की कोठी पर चलेगा बुलडोजर
फरीदपुर। स्मैक तस्कर मेहताब ने दो बीघा जमीन पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत से कोठी बनवाई। इसमें करीब 300 वर्ग मीटर सरकारी जमीन भी दबा ली। जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि होने पर अब सरकारी जमीन खाली करने के लिए कोठी पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है।
मोहनपुर गांव निवासी स्मैक तस्कर मेहताब व उसके भाई शब्बू ने स्मैक तस्करी करके जमकर संपत्ति अर्जित की है। आरोप है कि उसने कब्रिस्तान व श्मशान की जमीन पर कब्जा कर कोठी में दबा ली। उसकी संपत्ति की जांच उच्च अधिकारियों द्वारा कराई गई। नायब तहसीलदार फतेहगंज पूर्वी शुभम पांडेय ने 29 मई को एसडीएम को जांच रिपोर्ट में देकर बताया कि स्मैक तस्कर मेहताब और शब्बू ने ग्राम मोहनपुर तहसील फरीदपुर की गाटा संख्या 383 श्रेणी 6 (3) कब्रिस्तान व श्मशान के 289 वर्ग मीटर भू-भाग पर और उसके फूफेरे भाई इसलदार द्वारा गाटा संख्या 390 श्रेणी 5 (1) नवीन परती के 326 वर्ग मीटर भू-भाग पर अतिक्रमण किया गया है। एसडीएम ने बताया कि सरकारी जमीन पर बनी कोठी पर बुलडोजर चलाकर उसे खाली कराया जाएगा। तस्करों ने बरेली, शाहजहांपुर, नोएडा सहित कई जगह अवैध रूप से संपत्ति अर्जित की है। वहीं, कई बेनामी संपत्तियां भी उनके पास हैं। तस्करों की सारी संपत्ति खंगाली जा रहीं हैं। इन संपत्तियों को फ्रीज कराया जाएगा।