बहेड़ी। कल्याणपुर गांव में सरकारी जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर प्लाॅटिंग करना शुरू कर दी है। तमाम शिकायतों के बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस बीच कुछ भूखंड बिक भी गए, जिस पर कुछ मकान बनकर तैयार हो गए। अब शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत डीएम से की है। डीएम ने मामले में संज्ञान लेकर जांच के निर्देश दिए हैं।
ग्राम दरऊ उत्तराखंड निवासी इकराम खान ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि शीशगढ़ थाने के गांव कल्याणपुर में खाली पड़ी कई एकड़ों में फैली सरकारी जमीन पर दरऊ, रुद्रपुर के भूमाफियाओं ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। प्रतिनिधियों की मिलीभगत से सरकारी जमीन पर प्लाॅटिंग काटकर इसकी बिक्री शुरू कर दी गई है। कुछ भाग में दुकानों व भवन का निर्माण भी शुरू हो गया है। उन्होंने मांग की है कि जांच कर भूमाफियाओं के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। सरकारी जमीन को इनके कब्जे से मुक्त कराई जाए। डीएम ने तहसीलदार बहेड़ी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
शिकायतकर्ता ने कहा कि इससे पहले भी मामले में संबंधित विभाग को पत्र भेजा था, लेकिन अधिकारियों ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। डीएम द्वारा जांच के आदेश के बाद अवैध कब्जेदारों में खलबली है। संवाद
इनसेट
होलिका की जगह से कब्जा हटाने की दी चेतावनी
नहीं हटाने पर राजस्व और पुलिस की टीम शनिवार को बलपूर्वक हटाएगी
दुनका। शाही थाना क्षेत्र के गांव दुनका में होलिका की जगह अवैध कब्जा हटाने के लिए राजस्व विभाग और पुलिस की टीम ने पहुंचकर कब्जा स्वयं से हटाने की चेतावनी दी है। बात नहीं मानने पर शनिवार की सुबह टीम बलपूर्वक कार्रवाई करेगी।
शाही थाना क्षेत्र के गांव दुनका में जिला पंचायत सदस्य मुन्नू गंगवार के नेतृत्व में सनातन धर्म सेवा समिति के सदस्यों ने जाकर एसडीएम तृप्ति गुप्ता से होलिका की जगह पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि सनातन धर्म सेवा समिति एवं गांव के सहयोग से हर वर्ष होली तिड़हरी जुलूस निकाला जाता है। उस जगह पर सहमति से कुछ लोगों के फड़ लगवा दिए जाते हैं, लेकिन इस बार कुछ दबंगों ने कब्जा कर लिया है। शुक्रवार को पुलिस और राजस्व टीम गांव दुनका पहुंची। शाम तक कब्जे हटवाने की चेतावनी दी। कहा अगर स्वयं कब्जे नहीं हटाए तो शनिवार को प्रशासन सख्ती करेगा। संवाद