दोस्तों के साथ घर से निकला एक वकील के मुंशी का बेटा दो दिनों से लापता है। लापता होने के 24 घंटों बाद एक अंजान व्यक्ति ने फोन पर किशोर की परिवार से बात कराई। किशोर ने फोन पर अपहरण और मारपीट की बात कही।
परिवार ने 10 साल पहले घर छोड़कर गए बड़े बेटे पर अपहरण करने का शक जताया है। इज्जतनगर थाने में शिकायत पर पुलिस ने टहलाया तो पीड़ित शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे।
इज्जतनगर क्षेत्र में रोड नंबर एक स्थित रामनगर कॉलोनी निवासी वकील के मुंशी राजाराम भारती ने बताया कि उनका 16 वर्षीय बेटा शिवम बुधवार दोपहर दोस्तों के साथ घर से निकला था।
रात में फोन पर जानकारी लेने पर उसने एक दावत में होने की बात कही। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हुआ। शनिवार शाम किसी व्यक्ति ने फोन किया और शिवम से बात कराई। शिवम ने फोन पर रोते हुए बताया कि रास्ते से अपहरण कर उसे कमरे में बंद करके रखा गया है और बुरी तरह पीटा जा रहा है। फोन कटने के बाद राजाराम शिकायत करने थाना इज्जतनगर पहुंचे तो वहां स्टाफ न होने की बात कहकर लौटा दिया गया।
शुक्रवार को ही एसएसपी कार्यालय पहुंचे राजाराम ने आशंका जताई कि उनके बड़े बेटे ने शिवम का अपहरण किया है। बड़ा बेटा करीब 10 साल पहले एक लड़की को लेकर भाग गया था, तब से नहीं लौटा है।