हाफिजगंज (बरेली)। मस्जिद में जाकर इमाम की सरपरस्ती में नमाज नहीं पढ़ने पर सेंथल निवासी वकील को उनके घर में बने चैंबर में घुसकर पीटा गया। वकील ने गला दबाने की कोशिश और दस्तावेज फाड़ने का आरोप लगाकर इमाम समेत चार लोगों को नामजद करते हुए 50 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अधिवक्ता अख्तर अली ने थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी को बताया कि वह रविवार शाम अपने घर में बने चैंबर में मौजूद थे। इस दौरान वहां 54 लोग घुस आए। आरोप है कि इन लोगों ने उनसे गाली-गलौज और मारपीट की। इमाम खुर्शीद की सरपरस्ती में नमाज नहीं पढ़ने पर जान से मारने की धमकी दी। एक व्यक्ति ने उनका गला दबाने की कोशिश की। चैंबर में पहले से मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। आरोपियों ने चैंबर में रखीं जरूरी फाइलें और दस्तावेज फाड़ दिए। चैंबर में आग लगाने की भी धमकी दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि वकील की तहरीर पर भूरा उर्फ इरफान मियां, वसीम मनीदार, इमाम मौलाना खुर्शीद, दानिश के साथ ही 50 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल वकील को मेडिकल परीक्षण के लिए नवाबगंज अस्पताल भेजा गया है।
पीड़ित बोले- इस्लाम को मानते हैं, इमाम को नहीं
वकील ने बताया कि वह इस्लाम को मानते हैं, लेकिन मस्जिद के इमाम खुर्शीद से उनके संबंध अच्छे नहीं हैं। इसलिए वह मस्जिद में जाकर नमाज नहीं पढ़ते। या तो घर में या फिर जिस जगह होते हैं, वहां की मस्जिद में नमाज पढ़ लेते हैं। इमाम इसी बात से उनसे बैर रखता है और उसी के इशारे पर यह हमला किया गया।