बीडीए बोर्ड की बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी
- फोटो : अमर उजाला
बरेली शहर अब बदायूं और पीलीभीत रोड पर विस्तार लेगा। शुक्रवार को बीडीए बोर्ड की बैठक में बदायूं मार्ग पर नाथधाम टाउनशिप और रामपुर रोड पर प्रस्तावित आवासीय परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण पर मुहर लगी है। इसके लिए प्रारंभिक तौर पर 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के लिए अवशेष जमीन के अधिग्रहण पर 241 करोड़ रुपये खर्च करने की भी स्वीकृति दी गई है। आवासीय परियोजनाओं के आकार लेने से शहर के विकास को भी रफ्तार मिलेगी।
विकास को ऐसे मिलेगी रफ्तार
- नाथधाम आवासीय परियोजना के लिए जमीन खरीदने पर बोर्ड ने बजट की बाधा दूर कर दी। अब बदायूं रोड स्थित अखा मुस्तकिल, मजनूपुर, रफियाबाद, वाहनपुर, भगवानपुर ठाकुरान की 276 हेक्टेयर जमीन पर शहर को विस्तार मिलेगा।
- पीलीभीत रोड पर शहर को विस्तार देने के लिए बरकापु, रूपापुर, मोहरनियां और नवदिया कुर्मियान, अड़पुरा जागीर, आसपुर खूबचंद, कुंमरा, कलापुर और हरहरपुर की 250 एकड़ जमीन पर नई टाउनशिप प्रस्तावित है। अब सर्वे पूरा होते ही रेट का अनुमोदन होगा और अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तेज होगी।
- ग्रेटर बरेली परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए ग्राम समाज की जमीन लेनी है। इसके बदले 100 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। अधिग्रहण के अन्य मामलों में 241 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। दोनों के लिए बजट में 341 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।