बरेली। लालफाटक पर ओवरब्रिज बनाने के साथ ही अब वहां से चौबारी तक बदायूं मार्ग के 4.3 किलोमीटर हिस्से को भी फोरलेन किया जाएगा। इस कार्य पर करीब 39 करोड़ रुपये खर्च होंगे। करीब दो साल पहले पीडब्ल्यूडी ने इसका प्रस्ताव भेजा था, जिसे शासन ने अब मंजूरी दी है।
पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता डीके तिवारी ने बताया कि प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए शासन ने सड़क के लिए 39 करोड़ 46 लाख रुपये का बजट मंजूर किया है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। करीब दो साल पहले उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की घोषणा में भी यह सड़क शामिल थी। उप मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद सड़क चौड़ीकरण का सर्वे पूरा कर प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया था। बरेली-बदायूं मार्ग वैसे तो पहले से फोरलेन है, मगर चौबारी से चौपुला को आने वाली सड़क को फोरलेन का लाभ मिला था।
वहीं लालफाटक से चौबारी तक के चार किलोमीटर के हिस्से की हालत काफी समय से खराब थी और दो वर्ष पहले घोषित तौर पर इसका समय भी पूरा हो गया था। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि चूंकि चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा हुआ था, इसलिए मौजूदा चौड़ाई में दोबारा निर्माण भी नहीं कराया गया। अब बजट मंजूर हो गया है, जल्द ही चौड़ीकरण के बाकी काम पूरा करके अगले छह महीने में सड़क निर्माण भी शुरू कर दिया जाएगा। माना जा रहा है कि लाल फाटक ओवरब्रिज शुरू होने के समय तक फोरलेन का यह काम भी आधे से अधिक पूरा हो जाएगा। बता दें कि सेतु निगम के अधिकारियों ने लाल फाटक ओवरब्रिज को पूरा करने के लिए एक साल का समय मांगा है।