बरेली। माटी शिल्पकारों को बाजार उपलब्ध कराने की कवायद खोखली साबित हो रही है। जिला ग्रामोद्योग के सहयोग से पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित माटीकला मेले में आकर्षण और बाजार से प्रतिस्पर्धा का अभाव है। अमर उजाला की टीम बृहस्पतिवार और शुक्रवार को मेले में गई तो इक्का-दुक्का ग्राहक ही दिखे, बातचीत में शिल्पकारों का उत्साह फीका रहा।
मेले में शिरकत कर रहे स्वयं सहायता समूहों और व्यक्तिगत कारीगरों ने बताया कि उद्घाटन के बाद से मेले में ग्राहकों का उत्साह नहीं दिख रहा है। अब तक महज 20 से 25 फीसदी माल ही बिका है। मेले में खरीदारों को आकर्षित करने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। इलेक्ट्रिक या पारंपरिक चाक चालू नहीं है, जहां लोग खुद माटीकला का अनुभव कर सकें। उद्घाटन वाले दिन चाक रखा गया था, उसके बाद से बंद कर दिया गया है।
वहीं, मेले में बिकने वाली अधिकतर वस्तुएं (दीपक, मूर्तियां, झालरें आदि सजावट का सामान) खुले बाजार के दामों पर ही मिल रही हैं। विशेष छूट या अन्य विशिष्टता नहीं है, जो ग्राहकों को खींचे। शिल्पकारों के मुताबिक, उनको मार्केटिंग सपोर्ट नहीं मिला। प्रचार की कमी के कारण सामान की बिक्री कम हुई है।
मेले में सन्नाटे की वजह जाननी चाही, तो मेला इंचार्ज मनोज कुमार गुप्ता ने कहा, आप खरीदारी कीजिए, लोगों को बताइए। अब खादी मेला लगने वाला उसमें भी साथियों को साथ लाइएगा। साथ ही, मिट्टी की वस्तु बनाने का अनुभव करने के लिए समापन समारोह में आने के लिए कहा।
पर्यावरण अनुकूल उत्पादों की बहार
फोटो
मेले में भोजीपुरा के पास से आए दुकानदार के पास मिट्टी की डिजाइनर बोतलें और दीपक, छोटी चक्की, तवा आदि। स्वयं सहायता समूह की दुकान पर हाथों से बनीं सुंदर मोमबत्तियां, भगवान के वस्त्र आदि। एक अन्य दुकान पर गोबर के दीपक, कपड़े से बनीं रबरबैंड, कीचेन, कुंडल, शहरी स्वयं सहायता समूह की दुकान पर आकर्षक झालरें आदि उपलब्ध हैं।
वर्जन
मेले के प्रचार-प्रसार में लगभग छह लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। यहां मंडलभर की 25 दुकानें लगी हैं। अच्छे उत्पाद बिक रहे हैं। जो लोग देर से या दुकान कम समय के लिए खोलते हैं, उनके उत्पादों की बिक्री कम हो रही है। खर्चे का वहन सरकार करती है। - मनोज कुमार गुप्ता, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी
-
खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी 18 से, स्वदेशी उत्पादों की होगी बिक्री
बरेली। स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़ी इकाइयों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में 18 से 27 नवंबर तक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें खादी एवं ग्रामोद्योग, माटीकला से जुड़ी इकाइयों के साथ स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार उत्पाद बिक्री के लिए प्रदर्शित किए जाएंगे। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि इस प्रदर्शनी में स्वदेशी उत्पादों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। प्रदर्शनी में दिन और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इससे प्रदर्शनी में आने वाले लोगों को खरीदारी के साथ मनोरंजन का अवसर भी मिलेगा। संवाद