शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि केशव प्रसाद मौर्य ने एलान किया कि बरेली के विकास के लिए खजाने की कमी आड़े नहीं आएगी। उन्होंने राजेश अग्रवाल की ओर इंगित करते हुए कहा कि वित्त मंत्री बरेली से ही हैं। बरेली से जो भी प्रस्ताव जाएगा, वह सरकार की ओर से भरोसा दिलाते हैं कि वह रुकेगा नहीं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि नाथनगरी की सम्मानित सरकार शहर में ही नहीं पूरे प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। उमेश गौतम सिर्फ भाजपा के मेयर नहीं, बरेली की जनता के सेवक बने हैं। शिक्षा जगत की ही तरह वह नगर निगम में भी नये आयाम स्थापित करेंगे। डिप्टी सीएम ने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार को भी बड़ा भाई बताया। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि वर्ष 2014 में देश में बदलाव के लिए सत्ता परिवर्तन हुआ था। बरेली में 15 साल के लंबे समय के बाद यह बदलाव का मौका आया है। उमेश गौतम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में बरेली का विकास करेंगे। बरेली पहले स्मार्ट सिटी में फेल हुआ लेकिन अब यह चयनित होगा।
सूबे के वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि बरेली को इस आयोजन की लंबे समय से प्रतीक्षा थी। भाजपा एक अरसे बाद अपना मेयर चुनकर लाई है और अब चारों ओर विकास नजर आएगा। वह इसके लिए सभी लोगों को बधाई देते हैं। सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि लंबे अरसे बाद नगर निगम में भाजपा की सरकार बनी है। बरेली की जनता का इसके लिए आभार जताते हुए बोले, उमेश गौतम बरेली का सर्वांगीण विकास कर यूपी में उसका नाम रोशन करेंगे। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष बीएल वर्मा ने भी उमेश गौतम को मेयर चुनने पर सभी का आभार व्यक्त किया।