बरेली। कंपनी सचिव व्यावसायिक पाठ्यक्रम (सिलेबस 2022) और कार्यकारी पाठ्यक्रम (सिलेबस 2022) की जून 2026 सत्र की परीक्षाओं के परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिए गए। शहर के कई युवाओं ने कंपनी सचिव बनने में सफलता प्राप्त की है। कुछ ऐसे अभ्यर्थी भी रहे जिन्होंने अलग-अलग मॉड्यूल पास कर कंपनी सेक्रेटरी बनने के करीब पहुंचने में कामयाबी पाई है। परीक्षार्थी संस्थान की वेबसाइट www.icsi.edu पर अपने विषयवार अंक देख सकते हैं।
शहर से व्यावसायिक पाठ्यक्रम परीक्षा में समूह-एक और समूह-दो में 34.48 फीसदी अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। कुनाल अग्रवाल, माधव अग्रवाल, माहम खान सीएस बने हैं। प्रोफेशनल के एक माॅड्यूल को पास करने वालों में चहक खंडेलवाल, विधि कपूर, तान्या मेहरा, पूजा, मानसी सक्सेना, अविका अग्रवाल शामिल हैं।
एग्जीक्यूटिव पाठ्यक्रम परीक्षा के समूह-1 में 20.90 फीसदी और समूह-2 में 20.45 फीसदी अभ्यर्थी सफल हुए। दिव्यांश सक्सेना सीएस एग्जीक्यूटिव के दोनों मॉड्यूल पास कर सीएस फाइनल में पहुंचे। गीतिका ग्रोवर, दिव्या गुप्ता, किरन भट्ट, गुरप्रीत कौर, नियति, रितांषी अग्रवाल को भी सफलता मिली।
बरेली चैप्टर की अध्यक्ष सीएस नेहा अरोड़ा व उपाध्यक्ष सीएस फैजा आमिर के अनुसार कंपनी सचिव कार्यकारी पाठ्यक्रम और व्यावसायिक पाठ्यक्रम की अगली परीक्षाएं 21 दिसंबर से 28 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी। ये परीक्षाएं दोपहर के सत्र में होंगी। इन परीक्षाओं के लिए नामांकन 26 अगस्त से ऑनलाइन जमा किए जा सकेंगे।