चुनाव आचार संहिता लागू हो जाने के बाद नेताओं के फोटो छपी पतंग उड़ाने पर भी रोक लगा दी गई है। इसी के तहत कोतवाली पुलिस ने प्रशासनिक टीम के साथ सराय खाम सुनहरी मस्जिद के निकट छापा मारकर मोदी का पोस्टर छपी पतंग बेचने वाले दो लोगों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। इससे पतंग विक्रेताओं में खलबली मच गई है।
कोतवाल के के वर्मा ने बताया कि क्षेत्र के सराय खाम में ईनाम अली और साजिद की दुकान पर मोदी का पोस्टर छपी पतंगे बिक रही थी। जिन्हें खरीदने के बाद लोग आसमान में उड़ा रहे थे। जिससे चुनाव प्रचार हो रहा था, जो आचार संहिता का उल्लंघन कर रहा था। इसी के तहत दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चौकी चौराहे पर नीली लाल बत्ती लगाकर बाइक चलाने वाले को पकड़कर उसकी बाइक भी सीज कर दी गई। बारादरी इलाके के शहामतगंज में सालू की क्राकरी की दुकान पर सपा, बसपा, भाजपा पार्टी के पोस्टर लगे हुए थे। पुलिस ने चेकिंग के दौरान सभी पोस्टर हटवा दिए। साथ ही सालू के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन के आरोप की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।