आंवला जाते किसान नेता किए गिरफ्तार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
आज के कार्यक्रमों की होगी वीडियोग्राफी, पीएसी लगाई, खुफिया अमला भी अलर्ट
बरेली। किसान आंदोलन में सोमवार को तमाम पार्टियों ने धरना प्रदर्शन और ज्ञापन देने का एलान किया है। पुलिस और खुफिया अमला स्थिति पर नजर रखे है। एडीजी पूरे जोन के अधिकारियों के संपर्क में हैं। धरने के नाम पर बवाल करने की स्थिति में उन्होंने पुलिस को रिपोर्ट लिखकर दोषियों को जेल भेजने का निर्देश दिया है। एसएसपी ने पीएसी जवानों व रंगरूटों को भी पुलिस की मदद में लगाया है।
किसान आंदोलन के तहत सोमवार को बड़े कार्यक्रम की तैयारी है। किसानों के अलावा सपा, कांग्रेस व अन्य पार्टियां भी अलग अलग जगह धरना प्रदर्शन करेंगी। पिछली बार पुलिस ने सभी संगठनों को चौकी चौराहा बुलाकर ज्ञापन ले लिया था मगर इस बार हर संगठन ने अलग कार्यक्रम करने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम का तरीका और जगह व समय अलग होना पुलिस प्रशासन को अग्निपरीक्षा की तरह है। इसके लिए अधिकारियों ने काफी तैयारी की है। एडीजी ने बरेली जोन के नौ जिलों में कप्तानों को निर्देश दिया है कि किसी तरह की खुराफात होने पर सख्त एक्शन लें। खुफिया तंत्र से संपर्क में रहें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कोरोना गाइडलाइन का भी पालन कराएं। इसका उल्लंघन होने पर दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करें। यह भी कहा है कि किसी संगठन के धरनास्थल पर ही जाकर उनका ज्ञापन ले लिया जाए। कलक्ट्रेट जैसे स्थानों पर भीड़ न लगने दी जाए।
एसएसपी ने भी शहर से देहात तक के सभी थानेदारों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। देहात के थानों का काफी फोर्स शहर में बुला लिया है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि तीन कंपनी पीएसी व पुलिस लाइन के रंगरूट मिलाकर करीब चार सौ का संख्या बल अतिरिक्त रूप से पुलिस की मदद में रहेगा। खुराफात करने वालों की वीडियोग्राफी की जाएगी ताकि बाद में चार्जशीट लगाते समय साक्ष्यों का अभाव न आए।