एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की
फरीदपुर। किशोरी के घर से आरोपी उसका अपहरण कर गाड़ी में डाल ले गया, जहां उसके साथ जबरन शादी कर ली। आरोपी ने तीन माह तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली अनुसूचित जाति की किशोरी ने बताया कि फरीदपुर क्षेत्र के सथरापुर गांव का रहने वाला धर्मेंद्र उर्फ पुष्पेंद्र अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचकर उसका अपहरण कर ले गया। उसके बाद उसने जबरन शादी कर तीन माह तक शारीरिक संबंध बनाए। किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची। 28 नवंबर को आरोपी दोबारा पहुंचकर परिजनों से मारपीट कर उसे अपहरण कर ले जा रहे थे। तभी एकत्रित हुए ग्रामीणों को देख बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र उर्फ पुष्पेंद्र, नरवीर यादव, मुन्नी देवी, सुरेंद्र, संटा समेत चार अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। संवाद