देवरनिया। चुनाव से पहले माहौल बिगाड़ने के लिए खुराफातियों ने देवरनिया इलाके के गांव मोहनपुर में एक धार्मिक स्थल पर लगी टाइल्स तोड़ डाली। मामले की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो उनमें आक्रोश फैल गया। उन्होंने घटना की तहरीर देवरनिया थाने में दी। गांव में तनाव की स्थिति देखते हुए एहतियातन पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस खुराफातियों की तलाश कर रही है।
गांव मोहनपुर में शनिवार रात कुछ खुराफातियों ने धार्मिक स्थल की टाइल्स तोड़ दीं, इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। रविवार को इस मामले की शिकायत ग्रामीणों ने तहरीर देकर देवरनिया पुलिस से की। ग्रामीणों ने दूसरे समुदाय के लोगों पर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी मंदिर में लगे दानपात्र को खुराफातियों ने उखाड़ दिया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। गांव वालों ने बताया कि गांव में दो महीने पहले बनाया गया एक धर्मस्थल भी खुराफातियों ने तोड़ दिया था। गांव के विजय गंगवार, छोटा गंगवार, मुकेश कुमार, विजेंद्र, खेमकरन, सुरेश पाल, कुमार पाल आदि ने देवरनिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चुनाव के वक्त हुई इस तरह की घटना को लेकर गांव में एहतियातन पीएससी तैनात कर दी गई है। इंस्पेक्टर देवरनिया सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।