श्रीनगर विधानसभा मतदान में रही अव्वल, गोला पीछे
लोकसभा चुनाव में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने मतदान में सबको पीछे छोड़ दिया। मतदान में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र पहले स्थान पर रहा है। यहां के मतदाताओं ने जिले की आठों विधानसभाओं में सबसे अधिक 69.89 प्रतिशत वोट डाले। गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 61.2 प्रतिशत मतदान हुआ।
लोकसभा चुनाव के लिए जिले की आठों विधानसभा क्षेत्रों के 2890 बूथों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। हर दो घंटे के अंतराल पर मतदान का प्रतिशत जारी होता रहा। इसमें श्रीनगर विधानसभा हर चक्र में आगे रहा। सुबह नौ बजे तक पहले चरण के मतदान में श्रीनगर में सबसे अधिक 13.86 फीसदी वोटिंग हुई। अगले दो घंटे में श्रीनगर में मतदान प्रतिशत 18 फीसदी से अधिक बढ़कर 31.74 हो गया।
इसी तरह दोपहर एक बजे तक 47.42, तीन बजे तक 59.38, पांच बजे तक 68.13 और मतदान की समाप्ति पर 69.89 प्रतिशत रहा। खीरी लोकसभा का श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र बाढ़ प्रभावित इलाका है। इस विधानसभा के अधिकांश गांव शारदा नदी के निशाने पर रहते हैं। बाढ़ के अलावा क्षेत्र में परिवहन की भी बड़ी समस्या है।
छुट्टा पशु तो आम समस्या है। बाढ़ में हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों को नुकसान होता है। बढ़ी समस्याएं होने के बाद भी श्रीनगर के वोटरों ने मतदान करने में कोताही नहीं बरती। सुबह से लेकर अंतिम समय तक मतदान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और जिले में पहला स्थान हासिल कर लिया। दूसरे नंबर पर निघासन विधानसभा रही। यहां 68.31 फीसदी मतदान हुआ।