बरेली। कांवड़ यात्रा को लेकर कमिश्नर-डीएम के आदेश और नोटिस के बावजूद सड़कों पर हालत पर इसका कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। डीएम के हड़काने के बाद पीडब्ल्यूडी ने चौपुला ओवरब्रिज के गड्ढे तो भर दिए हैं लेकिन किला-चौपुला, किला बाईपास सहित दूसरी सड़कों पर अभी भी गड्ढे हैं। किला पुल, प्रेमनगर, सेटेलाइट, श्यामगंज रोड शहर की दूसरी सड़कों का भी यही है।
कांवड़ यात्रा को लेकर पीडब्ल्यूडी और प्रशासन दोनों के ही अधिकारियों ने समय रहते कोई तैयारी ही नहीं की। ऐसे में शहर के जिन मार्गों से होकर कांवड़िये गुजरेंगे, उन पर अभी भी गड्ढे हैं। सावन शुरू होने से कुछ दिन पहले ही कमिश्नर रणवीर प्रसाद और डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, बीडीए समेत कई विभागों के अधिकारियों को बुलाकर निर्देश दिए थे कि कांवड़ जत्थों के निकलने से पहले ही सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाए। पीडब्ल्यूडी की टीम ने पहले यह दिक्कत बताते हुए काम ही नहीं किया कि अब बारिश और जलभराव से गड्ढों को भर पाना मुमकिन ही नहीं है। हालांकि शनिवार को चौपुला ओवरब्रिज के निरीक्षण के दौरान गड्ढे देखकर डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को फटकार लगाई थी। इसके बाद रविवार को इस ओवरब्रिज पर कुछ जगहों पर गड्ढे भरे गए लेकिन अभी भी शहर के तमाम सड़कें खराब हैं। सिटी स्टेशन के सामने भी रोड टूटी हुई है। किला सर्विस लेन को भी ठीक नहीं किया गया है। इधर प्रेमनगर की सड़कों को छुआ तक नहीं गया है। सेटेलाइट से श्यामगंज चौराहे और शाहदाना की ओर भी रोड उधड़ी हुई। जबकि डीएम ने सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। लालफाटक की अभी कुछ दिन पहले ही बनी सर्विस लेन भी खराब हो रही है। लालफाटक से चौबारी रोड के गड्ढों को भी नहीं भरा गया है।