बरेली। महाराणा प्रताप शूटिंग अकादमी में आयोजित महाराणा प्रताप शूटिंग प्रतियोगिता का रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। इसमें मुरादाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, बिजनौर, रुद्रपुर, मेरठ, बदायूं, पीलीभीत, दिल्ली और रामपुर सहित विभिन्न जनपदों से करीब 120 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
एयर पिस्टल एनआरसीओसी (चैंपियन ऑफ चैंपियंस) वर्ग में काशवी जौहरी (एमपीएसए बरेली) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एयर राइफल एनआरसीओसी में विराज रस्तोगी (शाहजहांपुर) विजेता रहे। दोनों खिलाड़ियों को 1100 रुपये नकद पुरस्कार और महाराणा प्रताप शौर्य ट्रॉफी प्रदान की गई।
वहीं, एयर पिस्टल आईएसएसएफ सीओसी वर्ग में अधिकांश सिंह (एमपीएसए बरेली) व एयर राइफल आईएसएसएफ सीओसी में विधि गुप्ता (एएए बरेली) ने पहला स्थान हासिल कर 2100 रुपये का नकद पुरस्कार और वीर शिरोमणि शूटिंग ट्रॉफी अपने नाम की। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल उपस्थित रहे। उनके साथ वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल कुमार, राजेंद्र घड़ियाल, आशीष गुप्ता, राजेश अग्रवाल, कृष्णा श्रीमाली व अनिल कुमार सक्सेना भी मौजूद रहे।
ये रहे पदक विजेता खिलाड़ी
प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई खिलाड़ियों ने पदक जीते। स्वर्ण पदक (महावीर प्रताप रतन) विजेताओं में सत्यम चहल, जोएब खान, वंश सैनी, श्रेय सक्सेना, धम्मिका प्रियदर्शिनी, विधि गुप्ता, काशवी जौहरी, विराज रस्तोगी सहित कई अन्य खिलाड़ी शामिल रहे। रजत पदक (वीर शिरोमणि) पर सारिका प्रताप, चेतना, अथर्व, अंशुमन, लक्ष्य, वैभव, श्रेष्ठा, सिद्धि सिंह, मृत्युंजय, जयांश व रचित आदि खिलाड़ियों ने कब्जा जमाया। वहीं, कांस्य पदक (शौर्य श्रेष्ठ) जीतने वालों में श्रेय सक्सेना, अद्विक, यशी रस्तोगी, छन्द प्रिया, अभय, आयुष, वरुण, सुयश, डॉ. नीरज अग्रवाल और अमित कुमार प्रमुख रहे।